जामिया में छात्रसंघ चुनाव की मांग के बीच नया कदम
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर विद्यार्थियों की भूख हड़ताल जारी है। इस मामले के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्टूडेंट्स यूनियन के संविधान का मसौदा तैयार कराने का फैसला लिया है। प्रशासन के अनुसार, इस उद्देश्य से एक नई कमेटी गठित की जाएगी, जो छात्रसंघ के गठन से जुड़े कानूनी और संस्थागत पहलुओं की समीक्षा करेगी। भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों की सेहत पर नजर रखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इरशाद हुसैन नकवी की देखरेख में मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
सात सदस्यीय कमेटी ने छात्र प्रतिनिधियों से की बातचीत
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 18 अक्टूबर को प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों की मांगों पर चर्चा और समाधान के लिए सात सदस्यीय कमेटी बनाई थी। कमेटी ने 19 अक्टूबर को छात्रों से संपर्क कर बातचीत शुरू की और उनके प्रतिनिधियों को डीन ऑफ सोशल साइंसेज के कार्यालय में चर्चा के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद 20 अक्टूबर को करीब दो घंटे तक बैठक हुई, जिसमें बातचीत का विवरण औपचारिक रूप दिया गया। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, छात्र प्रतिनिधि बैठक के मिनट्स पर हस्ताक्षर करने के लिए सहमत नहीं हुए।







